औली में लौटी बर्फबारी की रौनक, छह साल बाद नवंबर में सफेद हुई वादियां
ज्योतिर्मठ। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग केंद्र औली में रविवार को मौसम की पहली बर्फबारी ने सर्दियों के पर्यटन सीजन की शानदार शुरुआत के संकेत दे दिए हैं। नवंबर के मध्य में करीब छह साल बाद यहां हिमपात होने से पर्यटन कारोबारियों में उत्साह का माहौल है। औली के साथ बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, गोरसों बुग्याल, सतोपंथ और नीति घाटी भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद पूरे ज्योतिर्मठ क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है और शीतलहर चलने लगी है।
रविवार सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिलने लगा था। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ती गई। शाम करीब 4:15 बजे औली में बर्फबारी शुरू हुई, जो लगभग 20 मिनट तक जारी रही। देखते ही देखते यहां के खूबसूरत बुग्याल बर्फ से ढक गए। औली में 10 नंबर से 8 नंबर टावर तक करीब एक इंच बर्फ जमने की सूचना है।
बर्फबारी के बीच औली पहुंचे पर्यटकों के लिए यह नजारा किसी यादगार अनुभव से कम नहीं रहा। आसमान से गिरती बर्फ और चारों ओर फैली सफेद चादर ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया। दिल्ली से पहुंचे मोहित वर्मा और सोहन ने बताया कि उन्होंने पहली बार बर्फबारी के बीच पहाड़ों की खूबसूरती को इतने करीब से महसूस किया। उनके लिए यह अनुभव बेहद रोमांचक और यादगार रहा।
पर्यटन कारोबारियों को अच्छे सीजन की उम्मीद
औली में समय से पहले हुई बर्फबारी ने होटल संचालकों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। कारोबारियों को भरोसा है कि जनवरी और फरवरी में प्रस्तावित शीतकालीन पर्यटन सीजन के दौरान यहां पर्यटकों की आवाजाही में तेजी आएगी। होटल कारोबारी नागेंद्र सकलानी, रविंद्र कंडारी और नंदन मार्तोलिया के अनुसार, पहली बर्फबारी के बाद औली के प्रति पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने की संभावना है।
कारोबारियों का कहना है कि यदि दिसंबर में भी अच्छी बर्फबारी होती है तो इस बार औली में शीतकालीन पर्यटन गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिल सकता है। इससे होटल व्यवसाय के साथ स्थानीय पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। फिलहाल मौसम की पहली बर्फबारी ने औली की वादियों को खूबसूरत बनाने के साथ ही पर्यटन कारोबार में नई उम्मीद जगा दी है।


