शीतकाल के लिए बंद होंगे द्वितीय केदार मध्यमेश्वर धाम के कपाट, 19 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचेगी उत्सव डोली

खबर शेयर करें -

पंचकेदारों में शामिल द्वितीय केदार भगवान मध्यमेश्वर धाम के कपाट सोमवार को दोपहर 12:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की पूजा-अर्चना की परंपरा शीतकालीन प्रवास के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने कपाट बंद करने से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

बीकेटीसी के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण के अनुसार, कपाट बंद होने के बाद भगवान मध्यमेश्वर की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान डोली विभिन्न पड़ावों पर विश्राम और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, डोली रात्रि विश्राम के लिए गौंडार स्थित राकेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद 17 नवंबर को रांसी, 18 नवंबर को गिरिया गांव और 19 नवंबर को दोपहर दो बजे ऊखीमठ स्थित पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

उधर, भगवान मध्यमेश्वर की उत्सव डोली के स्वागत को लेकर ऊखीमठ में तैयारियां शुरू हो गई हैं। ओंकारेश्वर मंदिर को फूलों से सजाया जा रहा है। डोली के आगमन के साथ ही यहां शीतकालीन पूजा की धार्मिक गतिविधियां शुरू होंगी।

Ad