गौरवशाली सैन्य इतिहास की साक्षी 2/5 गोरखा राइफल्स ने मनाया 141वां स्थापना दिवस

खबर शेयर करें -

देहरादून: अदम्य साहस, अनुशासन और शौर्य की गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाने वाली 2/5 गोरखा राइफल्स (फ्रंटियर फोर्स) ने रविवार को अपना 141वां स्थापना दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया। गढ़ी कैंट स्थित गोरखाली सुधार सभा के मानेकशा सभागार में आयोजित समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों ने शिरकत कर पलटन के गौरवशाली अतीत को याद किया।

इस अवसर पर पलटन के ऐतिहासिक योगदान, अद्वितीय सैन्य उपलब्धियों और बलिदान की परंपरा को याद करते हुए सैनिकों के शौर्य को नमन किया गया। वर्ष 1886 में तत्कालीन एबटाबाद (वर्तमान पाकिस्तान) में स्थापित इस सैन्य इकाई का इतिहास असाधारण वीरता की मिसाल रहा है। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान एक ही सैन्य अभियान में तीन विक्टोरिया क्रास हासिल करना इसकी सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल है। इसी ऐतिहासिक कीर्तिमान के चलते पलटन को ‘वीसी पलटन’ के नाम से भी पहचान मिली।

आजादी के बाद भी इस यूनिट ने अपनी वीरता और समर्पण की परंपरा को कायम रखा तथा कई सैन्य सम्मान हासिल किए। हाल के समय में यूनिट को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड सरकार की ओर से भी पलटन को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि दिवंगत लेफ्टिनेंट जनरल एफएन बिलिमोरिया के पुत्र नादिर एफ बिलिमोरिया रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वीर नारियों, वरिष्ठ महिलाओं और पूर्व सैनिकों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से उन परिवारों के योगदान को भी याद किया गया, जिन्होंने देश सेवा की परंपरा को मजबूती प्रदान की है।

कार्यक्रम में कर्नल एनके पांडे, कर्नल एमएस महार, कैप्टन खेम बहादुर थापा, कैप्टन एचपी पुरोहित, कैप्टन इंद्र बहादुर थापा, कैप्टन राजेंद्र तमांग, कैप्टन चंद्रवीर थापा, कैप्टन श्याम सिंह थापा और हवलदार अरविंद गुरुंग सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि 2/5 गोरखा राइफल्स की पहचान केवल उसके सैन्य इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की वह विरासत आज भी नई पीढ़ियों को प्रेरित कर रही है।

Ad