यात्रियों के लिए आवास, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
पिथौरागढ़ : आगामी आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पिथौरागढ़ ने तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय टीम ने धारचूला क्षेत्र के गूंजी में यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने गूंजी में बनाए गए आवासीय स्थलों, टेंट कॉलोनियों, विश्राम गृहों एवं अस्थायी शिविरों का जायजा लिया। यात्रियों के ठहरने की क्षमता, सुविधाओं की गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं का आंकलन किया गया। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी स्थलों पर स्वच्छ एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जल स्रोतों की नियमित सफाई एवं क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत चिकित्सा शिविरों, प्राथमिक उपचार केंद्रों, एंबुलेंस सेवाओं और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया। एडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए जीवनरक्षक दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर तथा प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती, चेक पोस्टों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था का परीक्षण किया गया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश जारी किए गए। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालयों की साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। एडीएम ने पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती और प्लास्टिक मुक्त यात्रा अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
