ओटीपी साझा किए बिना बैंक खाते से उड़ाए 1.99 लाख रुपये, साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज
देहरादून: साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक और मामला सामने लाते हुए बंजारावाला निवासी नवीन चंद्र कोठारी के बैंक खाते से 1.99 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो किसी के साथ ओटीपी साझा किया और न ही किसी तरह के बैंकिंग लेनदेन की अनुमति दी थी। इसके बावजूद खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने से वह हैरान रह गए।
खाते से रकम निकाले जाने का पता चलते ही नवीन चंद्र ने तत्काल बैंक से संपर्क किया और अपना खाता ब्लॉक करा दिया। साथ ही साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत भी दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंकिंग लेनदेन से जुड़े विवरणों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।


