बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान की दिशा में बढ़े कदम, क्षेत्रवासियों ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का जताया आभार

खबर शेयर करें -

कैबिनेट के निर्णय के बाद कैंप कार्यालय में जुटे पार्षद, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक; शीघ्र समिति गठन की उम्मीद

ऋषिकेश। उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के बाद ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय में क्षेत्रीय पार्षदों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका आभार व्यक्त किया।

कैबिनेट ने इस जटिल प्रकरण के समाधान के लिए मुख्य सचिव को समिति गठित कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जिससे लंबे समय से लंबित इस मुद्दे का स्थायी समाधान निकल सके।इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र रमोला ने कहा कि डॉ. अग्रवाल शुरू से ही बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं और उन्होंने विभिन्न मंचों पर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाई।

पार्षद हर्षवर्धन रावत (पिंटू) ने कहा कि डॉ. अग्रवाल ने विधानसभा के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के समक्ष भी इस विषय को लगातार उठाया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही बापू ग्राम की जनता के हित में निर्णय होगा तथा लोगों से अपील की कि इस विषय की सही जानकारी जनता तक पहुंचाई जाए।

वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि विधायक डॉ. अग्रवाल हमेशा जनता के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। वहीं पार्षद राजेश कोठियाल, पार्षद मुस्कान और पार्षद दिनेश रावत ने भी विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से कई दौर की वार्ताओं का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहा है।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने इस प्रकरण में किए गए प्रयासों का क्रमवार उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हर मुलाकात में इस विषय पर सकारात्मक रुख अपनाया, जिसके लिए वे क्षेत्र की जनता की ओर से उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि बापू ग्राम को नगर निगम में शामिल कराने से लेकर वर्तमान वन भूमि प्रकरण तक, क्षेत्र की प्रत्येक समस्या का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और इस मुद्दे के स्थायी समाधान तक उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंकी धस्माना, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, सुमन रावत, पूनम डोभाल, मुन्नी राजपूत, अभिनव पाल, अमनदीप नेगी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी ने किया।

Ad