खबर शेयर करें -

कोटद्वार : पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खूंखार आवारा कुत्ते ने राह चलते लोगों और बच्चों पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में 30 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कुत्ते के लगातार हमलों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता बेकाबू होकर गली-मोहल्लों में दौड़ता रहा और जिसे भी रास्ते में पाया, उसे काटकर घायल कर दिया। हमलों की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कुत्ता एक गौशाला में घुस गया, जहां उसे बंद कर दिया गया। हालांकि, अगली सुबह तक उसकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि कुत्ता किसी गंभीर बीमारी या रेबीज से ग्रसित हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी

घटना के बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। चिकित्सकों ने घायलों को समय पर उपचार लेने की सलाह दी है, ताकि किसी भी तरह की गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर कोटद्वार सहित पूरे जिले में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को उजागर कर दिया है। नगर निगम का कहना है कि आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए लगातार टीकाकरण, नसबंदी और उपचार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कुत्तों का आतंक कम नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के प्रयास नाकाफी हैं और ठोस कार्रवाई के अभाव में ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी संदिग्ध या आक्रामक जानवर की सूचना तुरंत नगर निगम या पुलिस को दें। वहीं, प्रशासन ने आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए अभियान को और तेज करने का आश्वासन दिया है।

Ad