खबर शेयर करें -

देहरादून/मसूरी : पर्यटन नगरी मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। मौसम के बदलते मिजाज और पहाड़ों की खुशनुमा वादियों ने सैलानियों को खासा आकर्षित किया है। देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का आनंद लेते नजर आए।मसूरी में माल रोड, गन हिल, केम्पटी फॉल, कंपनी गार्डन सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। बदलते मौसम के बीच कभी हल्की धूप तो कभी ठंडी हवाओं ने पर्यटकों के अनुभव को और भी खास बना दिया। कई पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ स्थानीय व्यंजनों और बाजारों का भी आनंद लेते दिखाई दिए।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और छोटे व्यापारियों के कारोबार में भी तेजी आई है। होटल व्यवसायियों का कहना है कि वीकेंड के दौरान अधिकांश होटल और गेस्ट हाउस लगभग फुल रहे।कारोबारियों को उम्मीद है कि आगामी ईद के बाद पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी, जिससे पर्यटन कारोबार को और मजबूती मिलेगी। उनका मानना है कि यदि मौसम इसी तरह सुहावना बना रहा तो आने वाले दिनों में मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की रौनक और भी बढ़ेगी।

पर्यटकों ने भी शहर के प्राकृतिक सौंदर्य और बदलते मौसम का भरपूर आनंद लिया और उत्तराखंड की वादियों की जमकर सराहना की। स्थानीय प्रशासन भी पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।

Ad