खबर शेयर करें -

हरिद्वार : हरिद्वार में सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गाजियाबाद से आए दो श्रद्धालु गंगा में डूबकर लापता हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी बृजेश कुमार त्रिपाठी और सचिन त्यागी हरिद्वार घूमने आए थे और सुबह गंगा स्नान के लिए दूधिया बंद क्षेत्र में पहुंचे। स्नान के दौरान अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और तेज धारा की चपेट में आकर वे गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों पानी में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों की मदद से गंगा में दोनों की तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

स्थानीय प्रशासन ने बताया कि दूधिया बंद क्षेत्र में स्नान करना प्रतिबंधित है, इसके बावजूद श्रद्धालु अक्सर चेतावनी की अनदेखी कर यहां पहुंच जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल दोनों श्रद्धालुओं की तलाश जारी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Ad