नगर निगम रुद्रपुर के एक वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम में लेंगे भाग

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जनपद ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर दौरे पर रहेंगे। अपने एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और धार्मिक आयोजनों में भाग लेंगे। प्रशासन ने उनके दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।मुख्यमंत्री धामी निर्धारित समय पर पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे रुद्रपुर स्थित त्रिशूल चौक का विधिवत लोकार्पण करेंगे। माना जा रहा है कि त्रिशूल चौक शहर की पहचान को नया स्वरूप देगा और यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री कांवड़ यात्रा के दौरान रुद्रपुर पहुंच रहे कांवड़ियों का स्वागत करेंगे। सावन माह में आयोजित कांवड़ यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री स्वयं कांवड़ियों का अभिनंदन कर प्रदेश में आस्था और श्रद्धा के इस पर्व का संदेश देंगे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिव बारात में भी शामिल होंगे। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त वे सरस आजीविका मेला का उद्घाटन करेंगे। इस मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं और कारीगरों को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री नगर निगम रुद्रपुर के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भी प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान नगर निगम की उपलब्धियों और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।

शाम के समय मुख्यमंत्री शिव जागरण कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के पश्चात वे रुद्रपुर से खटीमा के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग सतर्क है तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Ad