ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या का खुलासा, अभियुक्त सुरेश गुप्ता 24 घंटे में गिरफ्तार
ऋषिकेश: कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में महिला की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अभियुक्त को 24 घंटे से भी कम समय में गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार शाम को कोतवाली ऋषिकेश में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले का खुलासा किया। प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई की जानकारी एसपी जया बलूनी, सीओ ऋषिकेश डॉ. पूर्णिमा गर्ग एवं प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र भट्ट ने संयुक्त रूप से मीडिया को दी।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 फरवरी 2026 को वादी बच्चन सिंह रावत पुत्र स्व. खुशाल सिंह रावत, निवासी ग्राम धारी, यमकेश्वर पट्टी, जनपद पौड़ी गढ़वाल द्वारा थाना ऋषिकेश में एक प्रार्थना पत्र दिया गया। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि उनकी पुत्री प्रीति रावत को अभियुक्त सुरेश गुप्ता द्वारा काफी समय से जबरन शादी करने के लिए धमकाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। जब प्रीति रावत ने अभियुक्त की बात मानने से इंकार किया तो दिनांक 31 जनवरी 2026 की रात्रि को अभियुक्त ने उसे गोली मारकर हत्या कर दी।
वादी के प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना ऋषिकेश में तत्काल मु0अ0सं0 49/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियुक्त सुरेश गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह स्वयं ऋषिकेश पहुंचे और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में थाना स्तर, एसओजी तथा जनपद के अनुभवी पुलिसकर्मियों की कई टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों, प्रवेश मार्गों और संभावित ठिकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त घटना को अंजाम देने के बाद प्रदेश से बाहर फरार हो गया था। इस दौरान एफएसएल एवं फील्ड यूनिट के विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए। पुलिस टीमों को अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए देश के विभिन्न संभावित स्थानों पर रवाना किया गया।
लगातार दबिश और सूचनाओं के विश्लेषण के बाद दिनांक 02 फरवरी 2026 को पुलिस ने अभियुक्त सुरेश गुप्ता को छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में इस जघन्य हत्या का सफल अनावरण किया।गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को थाना ऋषिकेश लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसे मृतका प्रीति रावत का व्यवहार काफी समय से बदला-बदला लग रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और घुटन महसूस करने लगा था। इसी कारण उसने प्रीति की हत्या की योजना बनाई।
अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि उसके और प्रीति रावत के बीच प्रेम संबंध थे और वह उससे शादी करना चाहता था। अभियुक्त के अनुसार, प्रीति और उसके परिवार द्वारा शादी का आश्वासन दिए जाने के कारण उसने अपनी पूर्व पत्नी को तलाक दे दिया था और अपने बच्चों से भी अलग रहने लगा था। उसने अपनी जमा पूंजी भी प्रीति रावत पर खर्च कर दी थी।
कुछ समय बाद प्रीति रावत द्वारा शादी से इंकार किए जाने और लगातार विवाद होने के कारण अभियुक्त ने लक्सर से अवैध तमंचा और कारतूस खरीदे। दिनांक 31 जनवरी 2026 की रात वह प्रीति रावत के कमरे में गया और तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से हत्या में प्रयुक्त हथियार, अन्य साक्ष्य और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
