ऋषिकेश में 31वीं आईसीपीएसयू शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश स्थित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में मंगलवार, 28 जनवरी 2026 को 31वीं अंतर केंद्रीय विद्युत क्षेत्र के उपक्रमों की शतरंज प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। विद्युत क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक उपक्रम टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 28 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। आयोजन पॉवर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड , विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जा रहा है।

उद्घाटन अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने प्रतियोगिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पीएससीबी के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताएं विद्युत क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अनुशासन, रणनीतिक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड अपने कर्मचारियों के समग्र विकास तथा विभिन्न विद्युत उपक्रमों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से खेल एवं कल्याणकारी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद द्वारा पीएससीबी का ध्वज फहराकर किया गया, जिसके साथ ही प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्च पास्ट किया गया तथा खिलाड़ियों ने खेल भावना, ईमानदारी और अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली। कुमार शरद ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक होने के साथ-साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण भी प्रदान करेगी। उन्होंने खेल और व्यावसायिक जीवन में अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना के महत्व को भी रेखांकित किया।

विद्युत क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों से आए खिलाड़ियों का स्वागत टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन तथा केंद्रीय संचार) डॉ. ए. एन. त्रिपाठी द्वारा किया गया। समारोह को सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने और भी रंगीन एवं आकर्षक बना दिया, जिससे उपस्थित अतिथियों और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस शतरंज प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 11 संस्थाओं की टीमें भाग ले रही हैं। इनमें विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए), भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी), दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी), ग्रिड इंडिया, एनएचपीसी, पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (पीएफसी), पावरग्रिड, ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (आरईसी), एसजेवीएनएल तथा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड शामिल हैं। प्रतियोगिता का संचालन तीन विशेषज्ञ निर्णायकों एवं प्रशिक्षकों की देखरेख में किया जा रहा है, ताकि निष्पक्ष खेल, पारदर्शिता और नियमों के पूर्ण अनुपालन को सुनिश्चित किया जा सके।

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ी अपनी बौद्धिक क्षमता, रणनीतिक कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों को विश्वास है कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के बीच आपसी सौहार्द को बढ़ावा देगी, बल्कि विद्युत क्षेत्र के उपक्रमों के बीच सहयोग और एकता को भी और मजबूत करेगी।

Ad