श्री दुर्गा शक्ति मंदिर का 47वाँ स्थापना महापर्व धूमधाम से सम्पन्न
ऋषिकेश: मनीराम मार्ग स्थित श्री दुर्गा शक्ति मंदिर का 47वाँ स्थापना महापर्व आनन्दोत्सव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा विशाल भगवती जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में भक्त माता रानी के भजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
जागरण में जालंधर (पंजाब) से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक राज कुमार सहगल ने माता रानी का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भेंट प्रस्तुत कीं। उन्होंने “माता रानी ठीक करेगी…”, “अंबिके आद भवानी…”, “मेरी अम्बे मैं तैनु बुलावां…”, “महारानी तू ही रचाए खेल सारे…” तथा “दयावान हुई है आज महारानी…” जैसी श्रृंखलाबद्ध भेंटों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तगण देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे और जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित ज्योति शर्मा द्वारा विधि-विधान से माँ की जोत प्रचंड कर की गई। इसके उपरांत मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष 9 फरवरी को यह स्थापना महापर्व मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन मंदिर की नींव रखी गई थी। मंदिर समिति अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा ने कहा कि 47 वर्षों से यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है और स्थापना दिवस पर होने वाला जागरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी भक्तों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
अनुष्ठान एवं जागरण में मंदिर समिति अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा, महामंत्री पंडित ज्योति शर्मा, अनिल विरमानी, चंद्र बजाज, प्रदीप कोहली, राज्य महिला आयोग अध्यक्षा कुसुम कंडवाल, पंकज चावला, सतीश कक्कड़, संतोष शर्मा, नीतू जुनेजा, सीमा चिचड़ा, मीनू मल्होत्रा, नवल कपूर, गुलशन गाबा, अनिल मेहरा, मनोहर चड्ढा, अजीत सिंह, पंडित सुमित कोठियाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
