देहरादून में जैन समाज का 75वां हीरक जयंती प्रतिष्ठा महोत्सव धूमधाम से संपन्न

खबर शेयर करें -

देहरादून: महावीर दिगंबर जैन चैत्यालय परिवार की ओर से 75वां हीरक जयंती प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

महोत्सव के तहत बृहस्पतिवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया था, जिसमें जैन समाज के महिला-पुरुषों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम में महिला जैन मिलन एवं प्रियांशु भजन मंडली की ओर से भक्ति गीतों और स्तुतियों की मधुर प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।शुक्रवार को लक्ष्मणझूला रोड स्थित जैन मंदिर में प्रातः भगवान का इंद्रों द्वारा विधिवत अभिषेक और शांतिधारा की गई। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर लाजपत राय रोड, मुखर्जी मार्ग, रेलवे रोड, हीरालाल मार्ग होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरकर पुनः जैन मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में भगवान की आकर्षक झांकी, धार्मिक ध्वज, बैंड-बाजे और भजन कीर्तन के साथ श्रद्धालु भक्ति भाव से चलते रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा जलपान की व्यवस्था भी की।

कार्यक्रम संयोजक नितिन कुमार जैन ने बताया कि 75वें हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव को लेकर समाज में विशेष उत्साह रहा और शोभायात्रा में अपेक्षा से अधिक भीड़ उमड़ी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सेवा और आध्यात्मिकता का संदेश देते हैं।

इस अवसर पर अशोक जैन, अनंत जैन, अरविंद कुमार जैन, नितिन जैन, चंद्रशेखर जैन, ऋषभ जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल और अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया।

Ad