थराली में चारा लेने गई महिला पर भालू ने किया जानलेवा हमला

खबर शेयर करें -

चमोली : चमोली जनपद के थराली तहसील अंतर्गत बूंगा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में चारा-पत्ती लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बूंगा गांव निवासी 26 वर्षीय गोविंदी देवी रोजमर्रा की तरह जंगल में पशुओं के लिए चारा-पत्ती लेने गई थी। इसी दौरान घने जंगल में पहले से छिपे बैठे भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया। भालू के हमले से गोविंदी देवी के शरीर पर गहरे घाव आए और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को वहां से भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल गोविंदी देवी को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से जंगल में अकेले न जाने और समूह में ही जाने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Ad