चंपावत में वन्यजीव का आतंक, कैंप में मची अफरा-तफरी
चंपावत : चंपावत जिले के पंचेश्वर क्षेत्र स्थित रीवर ट्रेल टूरिस्ट कैंप में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बड़े गुलदार ने कैंप में ठहरे पर्यटक पर हमला कर दिया। हमले में सिक्किम निवासी इयान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इयान अपने साथियों के साथ पंचेश्वर के खूबसूरत प्राकृतिक क्षेत्र का आनंद लेने के लिए रीवर ट्रेल टूरिस्ट कैंप में ठहरे हुए थे। देर शाम के समय जब वे कैंप के आसपास टहल रहे थे, तभी अचानक जंगल की ओर से आए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य पर्यटक दहशत में आ गए।
कैंप स्टाफ और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह गुलदार को भगाया और घायल इयान को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। वन अधिकारियों ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उसे पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की अपील की गई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
