शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, व्यक्ति की मौत
चंपावत : जिले के देवीधुरा क्षेत्र के वालिक गांव में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां शॉर्ट सर्किट के चलते एक मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर सो रहे लोग संभल नहीं पाए।
इस हादसे में 47 वर्षीय राजेंद्र सिंह बिष्ट गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह आग की चपेट में आ चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन राजेंद्र सिंह बिष्ट को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
आग लगने से घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
