खबर शेयर करें -

नई टिहरी : जनपद टिहरी गढ़वाल के सुल्याधार क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में घास लेने गई एक महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुल्याधार क्षेत्र की निवासी महिला रोज की तरह जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को भगाया। इसके बाद घायल महिला को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि महिला के शरीर पर गहरे घाव हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। वहीं वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

Ad