खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, एक मिनी-रत्न सार्वजनिक उपक्रम, भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 में सक्रिय रूप से भाग लेकर देश के ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। विद्युत एवं ऊर्जा क्षेत्र के इस प्रमुख वैश्विक सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का आयोजन 19 से 22 मार्च 2026 तक यशोभूमि, नई दिल्ली में किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के उद्योग जगत के दिग्गज शामिल हो रहे हैं।

इस अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के स्टॉल का विधिवत शुभारंभ केंद्रीय विद्युत एवं आवास तथा शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी तथा केंद्रीय विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल (आईएएस) की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।टीएचडीसीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने सभी माननीय अतिथियों का स्वागत करते हुए कंपनी की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ स्वच्छ और सतत ऊर्जा की दिशा में लगातार अग्रसर है।

समिट के दौरान टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने जलविद्युत, पंप स्टोरेज, सौर एवं पवन ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रमुख परियोजनाओं, पहलों और उपलब्धियों का प्रभावी प्रदर्शन किया। इससे कंपनी के विविध ऊर्जा पोर्टफोलियो और तेजी से बढ़ती भूमिका का स्पष्ट संकेत मिलता है।राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप, टीएचडीसी भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन को गति देने में अहम योगदान दे रहा है। इस अवसर पर कंपनी के कार्यपालक निदेशक नीरज वर्मा एवं मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन, प्रशासन एवं जनसंपर्क) डॉ. ए. एन. त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

एलेक्ट्रिफायिंग ग्रोथ, एम्पावरिंग सस्टेनेबिलिटी, कनेक्टिंग ग्लोबली” थीम पर आधारित यह समिट वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र के नेताओं को एक मंच पर लाकर भविष्य की ऊर्जा रणनीतियों पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान कर रहा है। विशेषज्ञों के सत्रों और संवादों के माध्यम से यह आयोजन भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को टिकाऊ और विविध ऊर्जा समाधानों के जरिए पूरा करने पर केंद्रित है।

Ad