केवटी थाना क्षेत्र के पाराडीह में हादसा
बिहार / दरभंगा: जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 527 बी पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा केवटी थाना क्षेत्र के पाराडीह गांव के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने 50 वर्षीय सत्यनारायण यादव उर्फ मुन्ना यादव को टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण यादव सुबह के समय सड़क किनारे मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चालक उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही केवटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।
