अल्मोड़ा-जागेश्वर मार्ग पर हादसा: बर्फबारी से फिसली सड़क, पर्यटकों की कार 10 मीटर गहरी खाई में गिरी
अल्मोड़ा: अल्मोड़ा–जागेश्वर मोटर मार्ग पर बर्फबारी के बाद बनी फिसलन ने एक बड़ा हादसा करा दिया। उत्तर प्रदेश के बरेली से आए पर्यटकों की ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर लगभग 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी पांच पर्यटकों को केवल हल्की चोटें आईं और किसी की जान को खतरा नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, सभी पर्यटक जागेश्वर धाम में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। मार्ग पर जगह-जगह जमी बर्फ और फिसलन के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और तत्परता से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
रेस्क्यू के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। सभी को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। पुलिस और प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा कर रहे पर्यटकों से मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने, धीमी गति से वाहन चलाने और फिसलन वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। वहीं, बर्फबारी के बाद संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त निगरानी और सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने कहा कि मौसम खराब रहने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें और वाहन में जरूरी सुरक्षा उपकरण साथ रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
