देहरादून ,पिथौरागढ़ के बीच जल्द शुरू होगी हवाई सेवा
देहरादून/पिथौरागढ़ : उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच जल्द ही हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री आर.एन. किंजरापु ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है।पत्र में बताया गया है कि यह हवाई सेवा क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों को सस्ती और सुलभ हवाई सेवाओं से जोड़ना है। इस रूट पर संचालन की जिम्मेदारी स्काईहाप एविएशन को सौंपी गई है।
देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से कुमाऊं के सीमांत क्षेत्रों में आवागमन काफी आसान हो जाएगा। वर्तमान में इन दोनों स्थानों के बीच सड़क मार्ग से यात्रा करने में लंबा समय लगता है, जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हवाई सेवा शुरू होने के बाद यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और आपातकालीन स्थितियों में भी तेजी से आवागमन संभव हो सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सीमांत जिलों के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। इस नई हवाई सेवा से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सरकार का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से उत्तराखंड के दूरस्थ इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी और समग्र विकास को बल मिलेगा।
