खबर शेयर करें -

श्रीनगर/मेरठ : अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने वर्ष 2026 की पवित्र अमरनाथ यात्रा की तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस वर्ष यात्रा 3 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त 2026 तक चलेगी। करीब दो महीने तक चलने वाली इस यात्रा के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही मौसम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में मेरठ की प्रसिद्ध अमरनाथ यात्री सेवा समिति ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। समिति इस वर्ष शेषनाग में लगातार 57 दिनों तक 30वां विशाल भंडारा आयोजित करेगी। इस भंडारे में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, चाय, चिकित्सा सहायता और विश्राम की व्यवस्था की जाएगी।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, यह भंडारा पिछले कई वर्षों से सेवा और समर्पण की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कठिन पहाड़ी परिस्थितियों में भी स्वयंसेवक दिन-रात सेवा कार्य में जुटे रहते हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए हर वर्ष की तरह इस बार भी देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंचेंगे। प्रशासन और सेवा समितियों के समन्वय से यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Ad