नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्त भविष्य का सूर्योदय भावना मेहरा
हल्द्वानी : हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष सुश्री भावना मेहरा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्त भविष्य का “सूर्योदय” बताते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय करार दिया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में उचित प्रतिनिधित्व प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, जिससे समाज में समानता और समावेशिता को नई दिशा मिलेगी।
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति और नारी उत्थान के संकल्प के चलते वर्ष 2023 में संसद में इस अधिनियम को पारित किया गया, जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अब समय है कि देश इस लोकतांत्रिक उपलब्धि पर गर्व करे, क्योंकि इसके माध्यम से महिलाएं संसद और विधानसभाओं में पहुंचकर निर्णय प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका निभाएंगी और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करेंगी।
मेहरा ने कहा कि यह अधिनियम नए भारत के सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, सुरक्षित मातृत्व अभियान, लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा सुकन्या समृद्धि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को सशक्त बनाया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज बेटियां सशस्त्र बलों में कमांड स्तर तक अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह नारी शक्ति के बढ़ते सामर्थ्य, आत्मविश्वास और देश के विकास में उनकी निर्णायक भूमिका का स्पष्ट प्रमाण है। प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य वक्ता ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के लागू होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों नारी शक्ति सम्मेलन, स्कूटी रैली, पद यात्रा एवं दीवार लेखन की जानकारी साझा की। साथ ही जन समर्थन जुटाने के लिए मिस्ड कॉल नंबर 9667173333 भी जारी किया गया।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष भाजपा नैनीताल श्रीमती कंचन उप्रेती, जिला महामंत्री श्रीमती राशि जैन, श्रीमती आभा गोस्वामी, प्रदेश प्रवक्ता महिला मोर्चा श्रीमती कल्पना बोरा, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी श्रीमती भूमिका गोयल, जिला मीडिया प्रभारी महिला मोर्चा दीप्ति चुफाल तथा कुमाऊँ सह-संयोजक महिला मोर्चा श्रीमती अल्का जीना सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
