ऋषिकेश में अंबेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित
ऋषिकेश : भारतीय संविधान के निर्माता और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर ऋषिकेश में कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। अंबेडकर चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके विचारों और योगदान को नमन किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अंबेडकर जयंती केवल एक जन्मदिन नहीं, बल्कि समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। बाबा साहेब ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया और समाज के हर वर्ग को बराबरी का अधिकार दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिंह, पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, बी.एस. पयाल, राकेश अग्रवाल, सूरत सिंह कोहली, राजेंद्र कोठारी, अशोक शर्मा, हरि नेगी, बृज बहुगुणा, भूपेंद्र राणा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा जतिन जाटव, जयप्रकाश सहित अन्य लोगों ने भी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
