बद्रीनाथ-केदारनाथ हेलीपैड कार्यों को करोड़ों की स्वीकृति
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, यात्रा व्यवस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों के सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न विकास कार्यों हेतु करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है।मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अंतर्गत विकासखण्ड ज्योर्तिमठ स्थित श्री बद्रीनाथ धाम में यूकाडा द्वारा संचालित स्थायी हैलीपैड के प्लेटफार्म विस्तार एवं एप्रोच रोड के सुधारीकरण कार्यों के लिए ₹1.74 करोड़ की स्वीकृति दी है। वहीं श्री केदारनाथ धाम में जीएमवीएन के समीप स्थित हैलीपैड के सुरक्षात्मक कार्यों हेतु ₹39.40 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
मुख्यमंत्री ने नन्दा राजजात यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पड़ावों पर पार्किंग निर्माण और अन्य सुविधाओं के लिए ₹4.60 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। विकासखण्ड थराली के अंतर्गत शहीद भवानी दत्त इंटर कॉलेज परिसर चौपड्यों में 8 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग एवं विश्राम गृह निर्माण हेतु ₹71.67 लाख स्वीकृत किए गए हैं।विकासखण्ड देवाल के जनता इंटर कॉलेज, सरकोट में 63 चौपहिया और 9 दुपहिया वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, दो कक्षों के विश्राम गृह और शौचालय निर्माण हेतु ₹1.14 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
इसी क्रम में विकासखण्ड कर्णप्रयाग के नौटी में 37 चौपहिया एवं 48 दुपहिया वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग के लिए ₹42.39 लाख, नारायण बगड़ के मगोती में 94 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग हेतु ₹79.56 लाख तथा कर्णप्रयाग के कांसुवा में 43 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग निर्माण के लिए ₹64.23 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
विकासखण्ड थराली के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक, कुलसारी के पास थराली-ग्वालदम मोटर मार्ग के बायीं ओर 89 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाली अस्थायी पार्किंग के लिए ₹5.51 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विकासखण्ड नन्दानगर के ग्राम कनोल में 30 कारों की स्थायी सतह पार्किंग हेतु ₹33.65 लाख, ग्राम आला में 13 कारों की अस्थायी पार्किंग हेतु ₹18.30 लाख तथा ग्राम रामणी में 28 कारों की स्थायी सतह पार्किंग हेतु ₹31.03 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने जनपद ऊधम सिंह नगर के राजकीय आश्रम पद्धति उच्च माध्यमिक विद्यालय बिडौरा एवं राजकीय आश्रम पद्धति बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय खटीमा के मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों हेतु ₹2.03 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। राजकीय आश्रम पद्धति उ.मा. विद्यालय बिडौरा में बाउंड्री वाल निर्माण हेतु ₹83.99 लाख, छात्रावास भवन के मरम्मत एवं रख-रखाव हेतु ₹33.75 लाख, आवासीय भवन के लिए ₹28.20 लाख तथा शिक्षण भवन के लिए ₹24.21 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं राजकीय आश्रम पद्धति बालिका उ.मा. विद्यालय खटीमा में विभिन्न मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों के लिए ₹15.39 लाख और ₹17.30 लाख की धनराशि अनुमोदित की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखण्ड यमकेश्वर में नोडखाल-मालाकोट मोटर मार्ग (ग्रामीण मार्ग) का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महिताब सिंह के नाम पर किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से धार्मिक यात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत ढांचे में सुधार आएगा। सरकार प्रदेश के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
