व्यय वित्त समिति की बैठक में कई विकास योजनाओं को मिली स्वीकृति
देहरादून : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त योजना प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत निर्माण कार्यों और अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समयसीमा निर्धारित की जाए तथा गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जनपद चम्पावत के रोडवेज स्टेशन चम्पावत में आधुनिक, सुसज्जित बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के 64.94 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इस परियोजना का नाम “सिटी सेंटर चम्पावत” रखा जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाओं का प्रावधान हो, स्थानीय उत्पादों के विपणन की समुचित व्यवस्था की जाए तथा पार्किंग स्थल में रोडवेज बसों के साथ टैक्सी पार्किंग की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके।
जनपद टिहरी गढ़वाल में टिहरी मुख्यालय की माल रोड पर फसाड कार्य, रेलिंग, पाथवे, स्ट्रीट लाइट एवं शौचालय निर्माण जैसे कार्यों हेतु 11.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। मुख्य सचिव ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से टिहरी नगर की सुंदरता बढ़ेगी और आम नागरिकों व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। शैक्षिक सत्र 2025-26 में राज्य के राजकीय एवं सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग को 52.84 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉट मिक्स कार्य हेतु 12.15 करोड़ रुपये की संस्तुति दी गई। जनपद ऊधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र किच्छा में एनएच-109 पर पं. राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मंदिर मोड़, सिडकुल एवं आनंदपुर होते हुए एसएच-044 तक (कि.मी. 5.000 से 12.255) पुनर्निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को 23.12 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। वहीं किच्छा क्षेत्र के शिमला पिस्तौर-कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य हेतु 20.17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत भी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली। खड़खड़ी श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर सूखी नदी पर स्थित कॉजवे के स्थान पर डबल लेन सेतु निर्माण के लिए शहरी विकास विभाग को 13.22 करोड़ रुपये तथा मायापुर स्क्रैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने वाले पूर्व निर्मित सेतु के डाउनस्ट्रीम में 60 मीटर स्पान स्टील गर्डर डबल लेन सेतु निर्माण हेतु 12.46 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सचिव नितेश झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डे, डॉ. आर. राजेश कुमार, वी. षणमुगम, विशेष सचिव अजय मिश्रा, मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने अंत में कहा कि सभी स्वीकृत योजनाओं का लाभ आम जनता तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित करना विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
