बदरीनाथ धाम यात्रा 2026: गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा ऋषिकेश पहुंची, 23 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: बदरीनाथ धाम यात्रा 2026 के तहत गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा मंगलवार को नरेंद्र नगर राजदरबार से शुभारंभ होकर रात्रि विश्राम हेतु ऋषिकेश पहुंच रही है। यह यात्रा श्री बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

राजदरबार नरेंद्र नगर में महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित सुहागिन महिलाओं द्वारा तिलों से तेल कलश तैयार कर डिमरी पंचायत को सौंपा गया। महाराजा मनुजयेंद्र शाह ने इस पावन यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इसी तेल से भगवान बदरीविशाल का अभिषेक किया जाता है।

मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, 8 अप्रैल को प्रातः ऋषिकेश स्थित चेला चेतराम धर्मशाला में श्रद्धालु तेल कलश के दर्शन कर सकेंगे। पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण के बाद यात्रा अगले पड़ाव श्री शत्रुघ्न मंदिर मुनिकीरेती के लिए प्रस्थान करेगी।

यात्रा 9 अप्रैल को श्रीनगर गढ़वाल के लिए रवाना होगी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल को नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ, 21 अप्रैल को पांडुकेश्वर में रात्रि विश्राम करते हुए 22 अप्रैल तक बदरीनाथ धाम पहुंचेगी। इसके पश्चात 23 अप्रैल को प्रातः 6:15 बजे विधि-विधान के साथ भगवान बदरीविशाल के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु तेल कलश के दर्शन के लिए उपस्थित रहेंगे।

Ad