बागेश्वर की बेटी प्रेमा रावत का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन, ICC महिला टी 20 विश्व कप 2026 में दिखाएंगी दम

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की होनहार महिला क्रिकेटर प्रेमा रावत ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए उनका चयन भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड, विशेषकर बागेश्वर जिले में खुशी की लहर है।

बागेश्वर जिले के कपकोट विकासखंड के सुमटी गांव की रहने वाली प्रेमा रावत अपनी बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाजी के लिए जानी जाती हैं। लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है।

प्रेमा के चयन की खबर मिलते ही उनके गांव और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इन दिनों उनकी माता गांव में मौजूद हैं, जहां ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए परिवार की इस उपलब्धि पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि प्रेमा की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

प्रेमा रावत का भारतीय टीम में चयन उत्तराखंड के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है और प्रदेशवासियों को उनसे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Ad