योग दिवस पर उत्तराखंड के CSC केंद्रों में होंगे योग शिविर
देहरादून : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में व्यापक स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सैकड़ों CSC केंद्रों पर योग शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के राज्य कार्यालय ने सभी जिला प्रबंधकों और ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) को अपने-अपने क्षेत्रों में योग शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन शिविरों में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।
योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और सामूहिक योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी CSC केंद्रों पर किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी इस राष्ट्रीय आयोजन से जुड़ सकें। इसके लिए CSC केंद्रों पर बड़ी स्क्रीन और डिजिटल माध्यमों से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है।
CSC ने सभी नागरिकों से अपने निकटतम केंद्र पर आयोजित योग शिविर में भाग लेने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।
