सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया बसंतोत्सव

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: ऋषिकेश स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर बसंतोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक वातावरण के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भगवती सरस्वती के विधिवत पूजन एवं हवन के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

पूजन-अर्चन एवं हवन के दौरान विद्यालय प्रांगण वैदिक मंत्रोच्चारण से गुंजायमान हो उठा। विद्यार्थियों ने हवन कुंड में आहुति प्रदान करते हुए विद्या, सद्बुद्धि, संस्कार एवं राष्ट्रहित की कामना की। बसंत ऋतु के आगमन के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर को पीत वस्त्रों एवं पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण मनोहारी एवं उल्लासपूर्ण दिखाई दिया।इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य नागेन्द्र पोखरियाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बसंतोत्सव केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं है, बल्कि यह नवचेतना, सृजनशीलता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि माँ सरस्वती की आराधना से विद्यार्थियों में ज्ञान, विवेक, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होता है।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं मधुर बसंत गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और इसी के साथ बसंतोत्सव का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

इस अवसर पर मनोज पंत, नंद किशोर भट्ट, पंकज मिश्रा, राजकुमार यादव, सतीश चौहान, नरेन्द्र खुराना, सच्चिदानंद नौटियाल, प्रवेश कुमार, जितेन्द्र यादव, कांता प्रसाद देवरानी, राकेश चौपड़ा, रजनी गर्ग, आरती बडोनी, सुहानी सेमवाल, सिम्मी चौपड़ा, लक्ष्मी चौहान, मनोरमा शर्मा, संगीता जोशी, रश्मि गुसाईं, नेहा मालयान, यशोदा भारद्वाज सहित अन्य अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Ad