ऋषिकेश के खदरी खड़कमाफ गांव में भालू की दहशत, सीसीटीवी में कैद

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: क्षेत्र के खदरी-खड़कमाफ गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली भालू आबादी वाले इलाके में घुस आया। भालू घरों के आंगन, संकरी गलियों और सड़क किनारे घूमता हुआ नजर आया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि भालू बेखौफ होकर रिहायशी इलाकों में घूम रहा है और खाने की तलाश में इधर-उधर भटकता दिखाई दे रहा है। कई घरों के बाहर रखे सामान को सूंघते हुए भालू कुछ देर तक इलाके में मौजूद रहा, जिससे ग्रामीणों ने अपने घरों में ही रहना सुरक्षित समझा।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को अवगत कराया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया। वन अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह भालू चीला रेंज से गंगा नदी पार कर आबादी वाले क्षेत्र में भोजन की तलाश में आया है।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील करते हुए रात के समय अकेले बाहर न निकलने और घरों के आसपास भोजन या कचरा खुले में न रखने की सलाह दी है। साथ ही भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।फिलहाल, वन विभाग द्वारा इलाके में निगरानी जारी है और भालू को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Ad