19वीं गोमुख संकल्प कलश यात्रा से पूर्व त्रिवेणी घाट पर मां गंगा का महाअभिषेक, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
ऋषिकेश : ऋषिकेश में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित 19वीं गोमुख संकल्प कलश यात्रा से पहले शुक्रवार को त्रिवेणी घाट पर मां गंगा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाअभिषेक और कलश पूजन किया गया। आचार्य ब्राह्मणों के सानिध्य में विधि-विधान से हुए पूजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर समस्त मानवता के सुख, शांति और कल्याण की कामना की।
गोमुख संकल्प यात्रा के संस्थापक अध्यक्ष महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने बताया कि 27 जून से 1 जुलाई तक आयोजित होने वाली यात्रा का उद्देश्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक जनजागरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और मां गंगा के प्रति जनचेतना का प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को संकल्प लेकर सक्रिय प्रयास करने होंगे। जब तक आमजन गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक यह चुनौती बनी रहेगी।
इस अवसर पर संस्कार योगशाला के अध्यक्ष आचार्य नवीन जोशी, श्री गंगा सेवा पर्यावरण सुरक्षा समिति के संरक्षक चंद्रवीर पोखरियाल, अध्यक्ष दिनेश डबराल, महंत जगदीश प्रपन्नाचार्य, महंत मनोज प्रपन्नाचार्य, महंत रामकृपाल दास, हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, चेतन शर्मा, विवेक गोस्वामी, मनमोहन शर्मा, पार्षद रीना शर्मा, श्री गंगा सभा के सचिव राहुल शर्मा, कपिल गुप्ता, महेश गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन में भाग लिया।
यात्रा संयोजक महंत रवि प्रपन्नाचार्य ने बताया कि 27 जून को सुबह 8 बजे ऋषिकेश स्थित भारत मंदिर से महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य जी महाराज की अध्यक्षता में कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यात्रा धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न पड़ावों से होकर आगे बढ़ेगी।
