उत्तराखंड में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार शाम मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। टिब्बा क्षेत्र में हुई गोलीबारी में 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल रुद्रपुर और बाद में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, ट्रांजिट कैंप निवासी 17 वर्षीय विक्रांत बागी किसी काम से टिब्बा क्षेत्र गया था। इसी दौरान उसकी किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली विक्रांत को लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात विक्रांत ने दम तोड़ दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा भी हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि दोनों युवकों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में मामला गोलीबारी तक पहुंचा।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, किशोर की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
