29 जून से 4 जुलाई तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें, चलेगा पोलियो अभियान
देहरादून: राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के तहत 28 जून को जनपद देहरादून में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा छूटता है तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी बूथों, ट्रांजिट और मोबाइल टीमों की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने, पर्याप्त वैक्सीन, वैक्सीन कैरियर, दवाओं और प्रचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील, दुर्गम और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 28 जून को जिले में 1505 बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ और 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की 1498 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 444 पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर संपर्क करने तथा पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है और इसे पूरी गंभीरता व समन्वय के साथ सफल बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
