धामी सरकार की बड़ी पहल, बेटियों को शेफ की पढ़ाई के लिए मिलेगी स्कॉलरशिप

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार राज्य की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि राज्य सरकार बेटियों को शेफ की उच्च स्तरीय पढ़ाई के लिए विशेष स्कॉलरशिप प्रदान करेगी, ताकि वे विदेशों में प्रशिक्षण और शिक्षा प्राप्त कर सकें।

मुख्यमंत्री यह बात श्रीअन्न ,मिलेट्स आधारित ‘शेफ संवाद’ कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों में अपार प्रतिभा है और सरकार का उद्देश्य उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे न केवल अपने भविष्य को संवार सकें बल्कि राज्य और देश का नाम भी रोशन करें।

सीएम धामी ने कहा कि श्रीअन्न आधारित व्यंजन आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ऐसे में उत्तराखंड की पारंपरिक कृषि और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रशिक्षित शेफ अहम भूमिका निभा सकते हैं। सरकार चाहती है कि राज्य की बेटियां आधुनिक कुकिंग तकनीक के साथ-साथ स्थानीय स्वाद और संस्कृति को भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि यह योजना महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगी। विदेश में प्रशिक्षण के बाद बेटियां न केवल होटल इंडस्ट्री, फाइव स्टार रेस्टोरेंट और क्रूज लाइन जैसे क्षेत्रों में करियर बना सकेंगी, बल्कि उत्तराखंड लौटकर यहां भी नए रोजगार के अवसर सृजित कर सकेंगी।

सरकार के इस फैसले को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ और वोकल फॉर लोकल अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस स्कॉलरशिप योजना से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन और आवेदन प्रक्रिया भी जारी की जाएगी।

Ad