श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में 2500 से अधिक बच्चों के जन्म पर मनाया गया जन्मोत्सव
रायवाला : रायवाला स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में 2500 से अधिक बच्चों के जन्म लेने की खुशी को उत्सव के रूप में मनाया गया। अस्पताल परिसर में जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर अस्पताल में जन्मे करीब 2500 बच्चों का सामूहिक जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल, अस्पताल की मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रणति दास, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल तथा ग्राम प्रधान प्रतीतनगर राजेश जुगलान , ओर सागर गिरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अस्पताल परिवार और बच्चों के अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने नवजात शिशुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल बिना किसी भेदभाव के माताओं और बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
अस्पताल की मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रणति दास ने बताया कि अस्पताल में उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज जटिल परिस्थितियों में पहुंचते हैं, जिनका सफल उपचार अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बच्चों के माता-पिता के साथ मिलकर केक काटा गया और नवजात शिशुओं का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक सागर गिरी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, गणेश रावत, डॉ. रजनी सिंह, डॉ. शबाना, डॉ. अंजली, ऋतु थपलियाल, उषा रतूड़ी सहित अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।
