गांधी के विचारों पर हमला कर रही है भाजपा सरकार, मनरेगा को कमजोर किया जा रहा: रमोला
ऋषिकेश विधानसभा के छिद्दरवाला क्षेत्र में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा के कमजोर होते ढांचे, मजदूरों के लंबित भुगतान और रोजगार के अधिकार पर हो रहे हमलों के विरोध में सांकेतिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला और ब्लॉक अध्यक्ष व प्रधान गोकुल रमोला ने कहा कि मनरेगा महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित योजना है, जो गांव, गरीब और मजदूर को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देती है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर कर गरीबों से उनका हक छीनने का काम कर रही है, जो सीधे-सीधे गांधी जी के विचारों पर हमला है।
उन्होंने कहा कि जब देश बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रहा है, तब सरकार को रोजगार बढ़ाने की जरूरत है, न कि जनकल्याणकारी योजनाओं को खत्म करने की। मनरेगा सिर्फ रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार की नीतियों के कारण मजदूरों को समय पर काम और भुगतान नहीं मिल पा रहा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि राणा और ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर बेंदवाल ने कहा कि गांधी जी ने विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही थी। मनरेगा उसी सोच का परिणाम है, लेकिन आज सरकार इसे कमजोर करने पर तुली है। उन्होंने कहा कि जब तक मनरेगा को मजबूत नहीं किया जाता और मजदूरों को उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा।
उपवास कार्यक्रम में पंचायत सदस्य कुंवर सिंह गुसाईं, जितेंद्र त्यागी, कमल रावत, रोशन व्यास, मदन भंडारी, आशा सिंह चौहान, हरि सिंह नेगी, कृपाल सिंह सरोज, जय बहुगुणा, मोहर सिंह चौहान, हरभजन सिंह चौहान, पूरण चंद, के.के. थापा, दीपक नेगी, अमन पोखरियाल, कमल बिष्ट, मनोज पंवार सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।
