कैनाल रोड गुमानीवाला की बदहाल सड़क पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का निरीक्षण

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है। इसी क्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कैनाल रोड, गुमानीवाला का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की बदहाल स्थिति और जलभराव की समस्या का गहन जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने पाया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

मौके पर उपस्थित सहायक अभियंता सुरेंद्र श्रीकोटी एवं अपर सहायक अभियंता संजीव चौहान को डॉ. अग्रवाल ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरने, आवश्यक स्थानों पर पैच वर्क कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल अस्थायी मरम्मत से काम नहीं चलेगा, बल्कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर दीर्घकालिक समाधान तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को जलभराव की समस्या से दोबारा न जूझना पड़े।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रशासन को पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान किशोरी पैन्यूली, आचार्य सतीश कृष्ण, पंकज भट्ट, गणेश राणा, राकेश रमोला, सौरभ सजवाण, दीपेंद्र रौथाण सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने विधायक द्वारा निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई।

Ad