टिहरी में 58 परिवारों के विस्थापन प्रस्ताव पर मंथन
टिहरी गढ़वाल। टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आपदा प्रभावित गांवों के विस्थापन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील बालगंगा और घनसाली क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं विस्थापन पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि तहसील बालगंगा के एक गांव के 07 परिवार तथा घनसाली क्षेत्र के 10 गांवों के 51 परिवारों सहित कुल 58 परिवारों का आपदा के तहत विस्थापन प्रस्तावित है।
तहसीलदार घनसाली ने बैठक में बताया कि कई प्रभावित परिवारों ने विस्थापन के लिए असहमति जताई है। साथ ही कुछ परिवार ऐसे भी हैं जिनके पास प्रभावित भवन के अलावा गांव में अन्य सुरक्षित मकान उपलब्ध हैं।
इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी मानसून को देखते हुए कोई भी प्रभावित परिवार विस्थापन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार की पत्रावली बिंदुवार तैयार कर 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत की जाए।
बैठक में उप जिलाधिकारी घनसाली, रजिस्ट्रार कानूनगो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
