ऋषिकेश में सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया।
योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के रेलवे यार्ड क्षेत्र में शंटिंग के दौरान एक ट्रेन अचानक अनियंत्रित हो गई और खांड गांव के पास पटरी से उतरकर दीवार से जा टकराई।
हादसे में ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन तेज गति से आगे बढ़ी और कुछ दूरी पर जाकर ट्रैक छोड़ दिया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। रेलवे प्रशासन ने ट्रैक को खाली कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही मानी जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
