डीएम की आमजन से अपील: भीषण गर्मी और लू में बरतें जरूरी सावधानियां, दोपहर की तेज धूप से बचें

खबर शेयर करें -

देहरादून : जनपद देहरादून में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई करते हुए नागरिकों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने देहरादून नगर, डोईवाला और जौलीग्रांट क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की आशंका जताई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ORS, IV Fluids, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निकायों को बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, वाटर टैंकर, छायादार स्थल और अस्थायी विश्राम केंद्र स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं जल संस्थान और पेयजल विभाग को नियमित जलापूर्ति बनाए रखने तथा जल संकट वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त टैंकर भेजने को कहा गया है।

विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।

भीषण गर्मी को देखते हुए श्रमिकों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों और खुले स्थानों पर काम करने वाले श्रमिकों के कार्य समय को सुबह और शाम तक सीमित रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही कार्यस्थलों पर छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

शिक्षा विभाग को मौसम की परिस्थितियों के अनुसार विद्यालय संचालन समय में बदलाव अथवा अवकाश संबंधी निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों को बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, मोबाइल मैसेज, स्थानीय समाचार पत्रों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लोगों को हीट वेव से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए पेयजल और छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सफाई कर्मियों, पुलिसकर्मियों, होमगार्ड और फील्ड स्टाफ के लिए भी पर्याप्त पेयजल और सुरक्षा उपाय उपलब्ध कराने को कहा गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि लोग दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, अधिक से अधिक पानी पिएं और हीट वेव से बचाव संबंधी सावधानियों का पालन करें। प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Ad