पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को राष्ट्र और प्रदेश ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
देहरादून : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को पूरे राजकीय सम्मान और भावपूर्ण वातावरण में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देहरादून स्थित उनके वसंत विहार आवास पर देश और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व ने पहुंचकर उन्हें अंतिम नमन किया।

भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान वातावरण गमगीन रहा और बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का सार्वजनिक जीवन ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी ने उत्तराखंड के विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव याद किया जाएगा।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी उन्हें एक अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और जनप्रिय नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं आम नागरिकों द्वारा लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उनके योगदान और जनसेवा को प्रदेश लंबे समय तक स्मरण रखेगा।
