खबर शेयर करें -

देहरादून : राजधानी देहरादून में सुबह आईएसबीटी मार्ग स्थित निजी पैनिसिया अस्पताल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला मरीज की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:35 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय अस्पताल में कुल 14 मरीज भर्ती थे, जिनमें कई गंभीर मरीज भी शामिल थे।

आग लगते ही अस्पताल परिसर में धुआं भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। फायर सर्विस, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए अस्पताल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर आसपास के अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।

हादसे में वीरवती (66 वर्ष) नामक महिला की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं कुल 16 लोग घायल हुए हैं। घायलों में मरीज, उनके परिजन तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुटे पुलिस और फायर सर्विस के कर्मचारी भी शामिल हैं। राहत अभियान के दौरान फायर सर्विस और पुलिस विभाग के तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।

फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल भवन को खाली करा दिया गया है। आग की वजह से अस्पताल की सीलिंग और अंदरूनी हिस्सों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

जिला प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश देते हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

Ad