खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और उत्तराखण्ड सरकार के विभिन्न निर्माण संबंधी विभागों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में एडीबी के सहयोग से संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ आगामी विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभागों ने अपने प्रमुख प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतीकरण भी किया।

मुख्य सचिव ने एडीबी अधिकारियों से राज्य में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल करने का अनुरोध किया। उन्होंने प्रत्येक जनपद में कम से कम एक “मॉडल स्किल सेंटर” स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इन केंद्रों में युवाओं को प्रशिक्षण, सर्टिफिकेशन और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को एक समग्र (होलिस्टिक) योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत प्रदेश में पुलों के निर्माण तथा लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों के ट्रीटमेंट कार्यों को एडीबी से वित्तपोषित कराने हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही टिहरी झील रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर एडीबी के सहयोग से आगे बढ़ाने की बात कही गई।

उद्यान विभाग की योजनाओं को भी एडीबी के सहयोग से आगे बढ़ाने की संभावना पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) से वित्तपोषित जिलों को छोड़कर अन्य जनपदों के प्रस्ताव एडीबी को भेजे जाएं। इसके अलावा शहरी विकास के क्षेत्र में अर्बन मोबिलिटी और अर्बन प्लानिंग को भी एडीबी परियोजनाओं में शामिल करने पर बल दिया गया। उन्होंने ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड टाउनशिप डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स तैयार कर शीघ्र एडीबी को सौंपने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को अपनी योजनाओं की प्राथमिकता तय करने और चरणबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव एडीबी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि राज्य में विकास कार्यों को गति मिल सके। एडीबी की कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने उत्तराखण्ड में चल रही परियोजनाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा नए प्रोजेक्ट्स पर सक्रियता सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विभागों से शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिससे वित्तपोषण और क्रियान्वयन की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, दिलीप जावलकर सहित एडीबी के अशोक श्रीवास्तव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad