खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : भरत मंदिर झंडा चौक में आगामी 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले निशुल्क स्वास्थ्य शिविर को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। इस अवसर पर धर्माचार्यों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बैठक कर शिविर की व्यवस्थाओं एवं संचालन पर चर्चा की।

इस दौरान महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्वास्थ्य शिविर पूर्णतः निशुल्क रहेगा। शिविर में आने वाले मरीजों को एक महीने तक का परामर्श भी मुफ्त प्रदान किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए आवश्यक जांच और दवाइयों की व्यवस्था भी बिना किसी शुल्क के की जाएगी।

पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष दीप शर्मा ने बताया कि यह शिविर स्वर्गीय महंत अशोक प्रपन्नाचार्य जी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है और यह इस श्रृंखला का दूसरा आयोजन है। उन्होंने कहा कि शिविर में लगभग 30 विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समाज को निरोगी बनाना है।

नगर निगम के मेयर शंभू पासवान ने बताया कि शिविर में आने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार रक्त जांच, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक जांचें भी निशुल्क कराई जाएंगी। वहीं, विनय उनियाल ने जानकारी दी कि शिविर में न्यूरोलॉजी (मस्तिष्क), फेफड़े, बाल रोग, हड्डी रोग, कैंसर, नेत्र रोग सहित कई जटिल बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे, जो मरीजों की जांच कर उचित परामर्श देंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां वितरित की जाएंगी, जिससे उन्हें त्वरित राहत मिल सके। इस अवसर पर हर्षवर्धन शर्मा, वरुण शर्मा, बच्चन पोखरियाल, चंद्रशेखर शर्मा, जयेंद्र रमोला, महंत रवि प्रपन्नाचार्य, राकेश सिंह मियां, पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, के.एल. दीक्षित, सुरेंद्र दत्त भट्ट, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, अशोक रस्तोगी, गोविंद सिंह रावत, जितेंद्र बिष्ट, संजीव कुमार, सुरेंद्र सिंह नेगी, पार्षद अनिल रावत, पार्षद वीरेंद्र भारद्वाज, रामकुमार संगर, प्रिंस मनचंदा, हर्षवर्धन रावत, रंजन अंथवाल, रचित अग्रवाल, अमित चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad