खबर शेयर करें -

मुनि की रेती / ऋषिकेश: शिवपुरी क्षेत्र में स्थित एक कैंप में पर्यटक के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कैंप संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुरी के पास स्थित हवेली कैंप के संचालक दुष्यंत सिंह (निवासी कस्बा बुढाना, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) के खिलाफ दिल्ली निवासी दीपक सोनी ने मुनि की रेती थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि दीपक अपने एक मित्र के साथ घूमने के लिए शिवपुरी आया था और हवेली कैंप में ठहरा हुआ था।

आरोप है कि कैंप में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। रात करीब 12 बजे दीपक ने कैंप संचालक से डीजे की आवाज कम करने का अनुरोध किया, जिस पर संचालक और उसके कर्मचारियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद मामला और बढ़ गया।

पीड़ित के अनुसार, देर रात करीब 2:30 बजे कैंप संचालक अपने साथियों के साथ उसके कमरे में पहुंचा और दोबारा गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इस घटना में उसे चोटें भी आईं। साथ ही, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत के आधार पर मुनि की रेती पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संचालक दुष्यंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, मौके पर चल रहे डीजे उपकरण को भी जब्त कर लिया गया है।

थाना मुनि की रेती के प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Ad