उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून: उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरा फोन किसी अज्ञात नंबर से आने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर कैंट कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महेंद्र भट्ट ने बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि कॉल के दौरान उन्होंने सामने वाले व्यक्ति को कई बार समझाने का प्रयास किया कि इस प्रकार की भाषा और धमकी देना गलत है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन करता रहा और अपशब्दों का प्रयोग करता रहा।
महेंद्र भट्ट ने अपनी तहरीर में कहा कि इस तरह की हरकतों से न केवल उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि उनके जीवन को भी गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि यह साजिश किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी की ओर से रची जा सकती है, जिसके तहत उन्हें डराने और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि कैंट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। साथ ही साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा नेताओं को धमकी मिलने की घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे
