संडे मार्केट का स्थानांतरण बना यातायात सिरदर्द, आईएसबीटी क्षेत्र में जाम से लोग परेशान
देहरादून : देहरादून का प्रसिद्ध संडे मार्केट अब आईएसबीटी क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है, लेकिन यह फैसला शहरवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। एमडीडीए की एचआईजी सोसायटी के सामने स्थित खाली भूखंड पर बाजार लगने से पहले से ही अत्यधिक व्यस्त इस इलाके की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रविवार को बाजार लगते ही आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आम लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आईएसबीटी क्षेत्र पहले ही बस अड्डा होने के कारण भारी ट्रैफिक दबाव झेलता है। ऐसे में संडे मार्केट को यहां स्थानांतरित करना समझ से परे है। बाजार में आने वाले हजारों लोगों के वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं और एम्बुलेंस, स्कूल बसों व दैनिक यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

निवासियों ने आरोप लगाया कि बाजार के लिए चुना गया भूखंड यातायात और सुरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त नहीं है। न तो पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है और न ही ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती दिखाई देती है। परिणामस्वरूप आईएसबीटी चौक, हरिद्वार रोड और सहारनपुर रोड की ओर जाने वाले मार्गों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि आने वाले समय में समस्या और गंभीर हो सकती है। दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे के खुलने के बाद इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यदि संडे मार्केट को यहीं संचालित किया गया तो जाम की स्थिति स्थायी रूप ले सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर विकास प्राधिकरण से मांग की है कि संडे मार्केट के लिए किसी ऐसे स्थान का चयन किया जाए जहां यातायात पर कम से कम असर पड़े। साथ ही, जब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होती, तब तक ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
