छिद्दरवाला में गुलदार की दहशत, सीसीटीवी में कैद हुई चहलकदमी, ग्रामीणों में भय का माहौल

खबर शेयर करें -

रायवाला : छिद्दरवाला क्षेत्र में जंगल से सटे आबादी वाले इलाकों में वन्य जीवों की बढ़ती आवाजाही से लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। यहां बीते कुछ दिनों से गुलदार की सक्रियता ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना दिया है। देर शाम ग्राम पंचायत छिद्दरवाला के आडवाणी प्लॉट क्षेत्र स्थित एक आवास में लगे सीसीटीवी कैमरे में गुलदार की चहलकदमी कैद हुई, जिसने पूरे इलाके को सहमा दिया।

सीसीटीवी फुटेज में गुलदार को सड़क पर बेखौफ टहलते हुए साफ देखा जा सकता है। वहीं, एक अन्य वीडियो में गुलदार अचानक एक कुत्ते के पीछे तेजी से दौड़ता नजर आता है, जबकि कुत्ता जान बचाकर भागता हुआ दिखाई देता है। इस भयावह दृश्य के सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों की चिंता और गहरा गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले चकजोगीवाला क्षेत्र में भी गुलदार की मौजूदगी देखी गई थी, जिसके बाद वन विभाग द्वारा वहां पिंजरा लगाया गया था। इसी तरह छिद्दरवाला के आशा प्लॉट क्षेत्र में भी गुलदार की गतिविधियों को देखते हुए पिंजरा लगाया गया, लेकिन अब तक गुलदार पकड़ में नहीं आ सका है। गुलदार की आबादी क्षेत्र तक पहुंचती सक्रियता ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग बेहद चिंतित हैं। कई परिवारों ने एहतियातन बच्चों को अकेले बाहर भेजना बंद कर दिया है और लोग समूह में ही आवाजाही कर रहे हैं।

ग्राम प्रधान गोकुल रमोला ने गुलदार की लगातार चहलकदमी पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में किसी भी समय बड़ी अनहोनी हो सकती है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने, प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, क्षेत्रवासी भी वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि गुलदार की दहशत से निजात मिल सके और लोग बिना भय के अपने दैनिक जीवन को सामान्य रूप से जी सकें।

Ad